
लातेहार: लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई है। हादसा लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर स्थित डेढ़टंगवा घाटी में हुआ, जहां एक कंटेनर अनियंत्रित होकर पहले एक मोटरसाइकिल से टकराया। इसके बाद कंटेनर सड़क पर चल रहे यात्रियों से भरे एक सवारी टेंपो के ऊपर पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि टेंपो और बाइक पूरी तरह कंटेनर के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची।
कंटेनर को हटाने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद ली गई। कंटेनर और क्षतिग्रस्त वाहनों के नीचे दबे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
बताया गया है कि टेंपो में सवार लोग लातेहार थाना क्षेत्र के सांसंग इलाके से लोहरदगा के चपरी जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से यह हादसा हो गया। हादसे की सूचना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मृतकों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी है।







