July 26, 2026

मझिआंव में भीषण सड़क हादसा: नशेड़ी चालक ने पलटा टेम्पो, 27 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत

IMG-20260726-WA0013

  • पलामू एक्सप्रेस से उतरकर घर लौट रहा था मृतक, पटना में करता था मजदूरी
  • पूर्व में पंचायत ने दी थी शराब पीकर गाड़ी न चलाने की हिदायत, लापरवाही ने ली जान
  • घर के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से बूढ़ी मां पर टूटा दुखों का पहाड़
    मझिआंव (गढ़वा):
    कांडी थाना क्षेत्र के ढेलकाडीह बरवाडीह निवासी 27 वर्षीय अगस्त कुमार पासवान की रविवार तड़के टेम्पो दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना मोखापी और जयनगरा के बीच घटी, जहां शराब के नशे में धुत चालक ने तेज रफ्तार टेम्पो पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन पलट गया।

पटना से कमाकर घर लौट रहा था युवक

परिजनों एवं ग्रामीणों के अनुसार, अविवाहित अगस्त कुमार पटना में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह पलामू एक्सप्रेस से तड़के लगभग 3:00 बजे मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन पर उतरा था। स्टेशन से वह राजू यादव के टेम्पो पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। यात्रा के दौरान मोखापी और जयनगरा के बीच चालक के नशे में होने के कारण टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें दबाकर अगस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर टेम्पो को सीधा किया और चालक के भाई के साथ घायल अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझिआंव ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पंचों की हिदायत को चालक ने किया दरकिनार

घटना के संबंध में ग्रामीण सुजीत कुमार, विकास कुमार और मनीष कुमार ने बताया कि टेम्पो चालक राजू यादव को शराब की गंभीर लत है। पूर्व में ग्रामीणों ने बकायदा पंचायत बुलाकर उसे शराब के नशे में वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी थी। इसके बावजूद उसने अपनी आदत नहीं सुधारी, जिसकी कीमत एक मासूम युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।

परिवार का इकलौता सहारा छिना, छाया मातमी सन्नाटा

मृतक अगस्त कुमार अपने घर का अकेला कमाऊ सदस्य था, क्योंकि उसका बड़ा भाई अपने ससुराल में ही बस गया है। अगस्त की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां राजकुमारी कुँवर, बहनें मुनि देवी व आशा देवी समेत पूरे गांव में कोहराम मच गया। घर का इकलौता चिराग बुझ जाने से उसकी वृद्ध माता पूरी तरह बेसहारा हो गई हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ख़बर को शेयर करें।