---Advertisement---

साहिबगंज में भीषण सड़क हादसा: ऑटो–टैंकर की टक्कर, 3 की मौत, 5 घायल; स्वास्थ्य केंद्र में तोड़फोड़

On: January 2, 2026 3:07 PM
---Advertisement---

साहिबगंज: जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बरहेट–बरहड़वा मुख्य पथ पर छोटा रांगा डांड़ पुल मोड़ के पास यात्रियों से भरे एक ऑटो और तेल टैंकर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक स्कूली बच्ची समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों सहित पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑटो बरहेट की ओर से बरहड़वा जा रहा था, वहीं तेल टैंकर बरहड़वा में तेल खाली करने के बाद बरहेट की ओर लौट रहा था। ऑटो में सवार सभी यात्री डाहूजोर चौक पर उतरने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही पुल मोड़ के पास यह भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रांगा थाना क्षेत्र के बड़ा रांगा गांव निवासी 30 वर्षीय समरा साह, घटियारी गांव की 30 वर्षीय रंदनी सोरेन और डाहूजोर की 6 वर्षीय स्कूली बच्ची शांति हेम्ब्रम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रंदनी सोरेन बरहड़वा जा रही थी, जबकि शांति हेम्ब्रम स्कूल जाने के लिए ऑटो में सवार थी।


घटना में घायल लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इधर, इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोशित लोगों ने रांगा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पतना में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की। इस दौरान कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी की, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए शव ले जाने से रोक दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पहले उचित मुआवजा और कार्रवाई की घोषणा की जाए।


फिलहाल पुलिस प्रशासन ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटा हुआ है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now