---Advertisement---

कोडरमा में दो ट्रकों के बीच जोरदार भिड़ंत, एक्सीडेंट के बाद लोगों ने मचा दी लूट; 500 बोरा दाल कर दिया गायब

On: March 25, 2026 2:02 PM
---Advertisement---

कोडरमा: कोडरमा घाटी स्थित मेघातरी काली मंडा के समीप बुधवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो ट्रक सड़क पर ही पलट गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, एक ट्रक कोलकाता से करीब 1000 बोरा दाल लेकर बिहार की ओर जा रहा था। वहीं दूसरी ओर एक खाली ट्रक नवादा से कोडरमा की दिशा में आ रहा था। इसी दौरान मेघातरी काली मंडा के पास दोनों ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

इस दुर्घटना में दाल लदे ट्रक के चालक मुकेश कुमार और उपचालक राहुल कुमार, जो दोनों छपरा के निवासी बताए जा रहे हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं खाली ट्रक के चालक को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद एक चिंताजनक स्थिति भी सामने आई। जैसे ही घायल चालक और उपचालक को अस्पताल ले जाया गया, मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय लोग सड़क पर बिखरी दाल को लूटने में जुट गए। बताया जा रहा है कि ट्रक में लदे 1000 बोरा दाल में से करीब 500 बोरे लूट लिए गए।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने आसपास के इलाकों और घरों में सर्च अभियान शुरू कर दिया है, ताकि लूटे गए दाल की बरामदगी की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और लूट में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लगातार छापेमारी कर दाल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now