रांची: राजधानी रांची के कोकर चौक इलाके में मंगलवार रात एक तेज धमाके से अचानक अफरा-तफरी मच गई। डायमंड सेल्स पेट्रोल पंप के परिसर स्थित वेयरहाउस क्षेत्र में रात करीब 8:25 बजे हुए इस विस्फोट की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास की कई दुकानों और मकानों के शीशे टूट गए। हालांकि राहत की बात है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, धमाका सदर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप परिसर के इलेक्ट्रिक पैनल रूम में हुआ। प्रारंभिक जांच में पुलिस को शॉर्ट सर्किट की आशंका है। विस्फोट के कारण पेट्रोल पंप के ऑफिस और शौचालय के दरवाजे को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। किसी अन्य संदिग्ध कारण की संभावना को देखते हुए बम निरोधक दस्ता (BDS) और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। दोनों टीमें घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाकर पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर धमाका किस वजह से हुआ और इसमें इलेक्ट्रिक पैनल की क्या भूमिका रही। जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





