मोकामा: बिहार के मोकामा से विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह ने बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि अब वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे और मौजूदा कार्यकाल ही उनका आखिरी कार्यकाल होगा। उनके इस बयान के बाद राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि वे एक महीने में जेल से बाहर आ जाएंगे।
दुलारचंद की हत्या के आरोप में जेल में बंद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने कहा कि वह पहले ही यह स्पष्ट कर चुके थे कि यदि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सक्रिय राजनीति में नहीं रहेंगे तो वह भी चुनावी राजनीति से दूरी बना लेंगे। उन्होंने कहा कि अब जब यह चर्चा तेज है कि नीतीश कुमार राज्यसभा जा सकते हैं, तो उन्होंने भी आगे चुनाव नहीं लड़ने का मन बना लिया है।
उन्होंने कहा, ‘मैंने पहले ही तय कर लिया था कि अगर नीतीश कुमार जी सक्रिय राजनीति में नहीं रहेंगे तो मैं भी चुनाव नहीं लड़ूंगा। अब जब यह साफ हो रहा है कि वह राज्यसभा जा सकते हैं, तो मैंने भी फैसला कर लिया है कि यह मेरा अंतिम कार्यकाल होगा।‘
अनंत सिंह ने अपने फैसले के पीछे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति अपनी निष्ठा को सबसे बड़ा कारण बताया। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजनीति करते आए हैं और उनकी राजनीतिक यात्रा भी उसी दौर में आगे बढ़ी है। ऐसे में यदि नीतीश कुमार सक्रिय राजनीति से दूर जाते हैं तो वह भी चुनावी मैदान से हट जाएंगे। बता दें कि मोकामा विधायक राज्यसभा चुनाव की वोटिंग के लिए जेल से बाहर आए थे।
अपने उत्तराधिकार को लेकर भी अनंत सिंह ने तस्वीर लगभग साफ कर दी है। उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में वह खुद उम्मीदवार नहीं बनेंगे, बल्कि अपने बेटे को चुनावी मैदान में उतारेंगे। उनका कहना है कि अब नई पीढ़ी को राजनीति में आगे आने का मौका मिलना चाहिए।














