गढ़वा

‘कॉफी विद एसडीएम’ में सर्राफा व्यवसायियों से संवाद, सुरक्षा और बाजार व्यवस्था पर हुई चर्चा

ख़बर को शेयर करें

गढ़वा: सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के नियमित साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम ‘कॉफी विद एसडीएम’ के तहत बुधवार को गढ़वा के आभूषण एवं सर्राफा व्यवसाय से जुड़े व्यवसायियों के साथ संवाद आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के 30 से अधिक ज्वेलर्स एवं स्वर्ण व्यवसायियों ने भाग लिया। सौहार्दपूर्ण माहौल में आयोजित इस बैठक में व्यवसायियों ने अपनी समस्याएं, चिंताएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।


सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर जताई चिंता


संवाद के दौरान सर्राफा व्यवसायियों ने बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। भुनेश्वर नाथ सोनी, बजरंगी सोनी, संतोष अग्रवाल सहित अन्य व्यवसायियों ने कहा कि सोना-चांदी की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के कारण चोरी, लूट और डकैती की आशंका बढ़ गई है। हाल ही में बिशनपुर में हुई घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे व्यापारियों के लिए भय का कारण बताया।

व्यवसायियों ने बाजार में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाने, पुलिस पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी की मांग की।


नागरिक सुविधाओं की भी उठी मांग


सुरक्षा के साथ-साथ व्यवसायियों ने बाजार क्षेत्र में एटीएम की सुविधा, नियमित साफ-सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था तथा चौक-चौराहों और बाजार मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी।


एसडीएम को सौंपा गया मांग-पत्र


इस अवसर पर सर्राफा व्यवसायियों ने एसडीएम को एक लिखित मांग-पत्र सौंपा। इसमें दोपहिया वाहनों से नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, हथियार अनुज्ञप्ति देने में व्यवसायियों को प्राथमिकता, बाजार क्षेत्र से मांस एवं मछली दुकानों को अन्यत्र स्थानांतरित करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही पर सतत निगरानी जैसी मांगें शामिल थीं।


नकाबपोश और हेलमेट पहने लोगों से असुरक्षा


कुछ व्यवसायियों ने बताया कि नकाब पहने, सिर ढके या हेलमेट लगाए संदिग्ध लोग अक्सर दुकानों के आसपास घूमते रहते हैं और कई बार सीधे दुकानों में प्रवेश कर जाते हैं। पूछताछ करने पर ऐसे लोग विवाद पर उतर आते हैं, जिससे असुरक्षा का माहौल बनता है। इस पर एसडीएम ने ऐसे मामलों में तुरंत 112 नंबर पर सूचना देने की सलाह दी।


एसडीएम ने दिया ठोस कार्रवाई का भरोसा


एसडीएम संजय कुमार ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें।


सामूहिक सहभागिता से सुरक्षा पर जोर


एसडीएम ने सुझाव दिया कि सर्राफा व्यवसायी सामूहिक सहभागिता के तहत बाजार क्षेत्र में अपने स्तर से सीसीटीवी कैमरे लगाएं। साथ ही एसआईएस या अन्य निजी सुरक्षा एजेंसियों के माध्यम से सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था भी की जा सकती है। इस सुझाव का सभी व्यवसायियों ने स्वागत किया और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।


व्यवसायियों ने जताया आभार


आभूषण व्यवसायियों ने एसडीएम संजय कुमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहली बार किसी वरीय अधिकारी ने आत्मीय माहौल में उन्हें आमंत्रित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।


उपस्थित प्रमुख व्यवसायी


कार्यक्रम में भुनेश्वरनाथ सोनी, सुनील कश्यप, आनंद बाबू, पीयूष बाबू, राहुल कुमार केशरी, उदय प्रसाद सोनी, विक्की सोनी, पवन सोनी, युवराज सोनी, लखन बाबू, अंकित सोनी, विशाल केसरी, अमरजीत कुमार, जय कुमार सोनी, राज सोनी, बजरंगी सोनी, हीरू सोनी, गोलू सोनी, चंदन कुमार सोनी, प्रवीण कुमार, संतोष अग्रवाल सहित अन्य व्यवसायियों ने अपने विचार रखे।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।