
जमशेदपुर:जमशेदपुर एवं पोटका प्रखंड की साइकिल वितरण योजना में साइकिलों की बर्बादी और गंभीर लापरवाही के आरोपों को लेकर जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार को पत्र लिखा। साथ ही उन्होंने RTI के माध्यम से पूरे मामले की जानकारी भी मांगी है।
सौरभ विष्णु ने बताया कि जमशेदपुर एवं पोटका प्रखंड में 13,500 साइकिलों का वितरण होना था, लेकिन अब तक केवल 2,600 साइकिलें ही वितरित की गई हैं। इसके कारण 10,900 गरीब छात्र-छात्राएं अब भी साइकिल मिलने का इंतजार कर रहे हैं। कई दूरदराज के क्षेत्रों के बच्चे आज भी प्रतिदिन कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल जाने को मजबूर हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि दूसरी ओर करोडो की लागत से खरीदी गई साइकिलें खुले में बारिश और धूप में जंग खाकर बर्बाद हो रही हैं। जो जनता के टैक्स के पैसों की बर्बादी के लिए जवाबदेह कौन है? क्या सरकार की जिम्मेदारी सिर्फ टेंडर जारी करना और भुगतान करना है, या यह सुनिश्चित करना भी है कि साइकिलें पात्र बच्चों तक पहुंचें? यदि एजेंसी को पूरा भुगतान हो चुका है, तो हजारों बच्चों को उनका अधिकार क्यों नहीं मिला?”
सौरभ विष्णु ने मुख्य सचिव को भेजे पत्र में आरोप लगाया कि साइकिल खरीद और आपूर्ति से जुड़ी एजेंसियां अपना लाभ ले चुकी हैं, लेकिन वितरण में कोई लाभ नहीं होने के कारण हजारों छात्र-छात्राओं को अब तक साइकिल नहीं मिल रहा। और RTI के माध्यम से पूछा है कि छात्रों तक साइकिल पहुंचाने की जिम्मेदारी सरकार की थी या एजेंसियों की? गरीब बच्चों के अधिकारों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकार को हर सवाल का जवाब देना होगा।




