मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जानकारी के अनुसार, परिवार ने दूध में कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर पिया। इस हृदयविदारक घटना में पति-पत्नी समेत तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 35 वर्षीय किसान मनीष, उनकी पत्नी सीमा, बेटियां हनी और प्रियांशी तथा दो वर्षीय बेटे पंकज के रूप में हुई है। सोमवार सुबह जब काफी देर तक घर से कोई हलचल नहीं दिखी तो आसपास के लोगों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर परिवार के सभी सदस्यों के शव बरामद किए।
घर से मिला सुसाइड नोट, दीवार पर भी लिखा संदेश
पुलिस जांच में सामने आया है कि आत्महत्या से पहले मनीष ने सुसाइड नोट लिखा था। घर की दीवार पर भी लिखा मिला है— ‘अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं।’ इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन से एक सुसाइड वीडियो भी बरामद किया गया है, जिसे पुलिस ने जांच के दायरे में ले लिया है।
बताया जा रहा है कि मनीष की शादी करीब आठ साल पहले सादाबाद के मड़नई गांव की रहने वाली सीमा से हुई थी। मनीष के दो अन्य भाई भी हैं, जो उसी गांव में अलग-अलग घरों में रहते हैं। मनीष अपने परिवार के साथ इसी मकान में रहकर खेती-बाड़ी करता था।
घटना की जानकारी मिलते ही महावन थाना पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जहर खाने के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। परिजनों, रिश्तेदारों और गांव के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। साथ ही सुसाइड नोट और वीडियो की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।
इस सामूहिक आत्महत्या की घटना के बाद खप्परपुर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक परिवार के घर के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे हुए हैं। हर कोई इस घटना से स्तब्ध है और सवाल कर रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक पूरा परिवार इतना बड़ा कदम उठाने को मजबूर हो गया।














