IND vs AUS 5th T20: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गाबा मैदान पर खेला गया पांचवां और आखिरी टी20 मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। लगातार हो रही बारिश के कारण मैच रद्द करना पड़ा और इसी के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। टीम इंडिया ने शानदार शुरुआत की और 4.5 ओवर में बिना विकेट खोए 52 रन बना लिए थे। इसके बाद आसमान में बादल छा गए और बारिश ने खेल रोक दिया।
मैच रोके जाने के समय उपकप्तान शुभमन गिल 16 गेंदों पर 29 रन बनाकर क्रीज पर थे, जिसमें उन्होंने 6 चौके जड़े। वहीं युवा ओपनर अभिषेक शर्मा 13 गेंदों में 23 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे। अभिषेक ने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया।
दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक शुरुआत कर टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था। गिल पिछली कुछ पारियों में लय हासिल नहीं कर पाए थे, लेकिन आज उनके बल्ले से शानदार टाइमिंग देखने को मिली। दुर्भाग्य से, बारिश ने इस रोमांचक मुकाबले का मजा किरकिरा कर दिया और दर्शकों को नतीजे के बिना ही लौटना पड़ा।
फिर भी, भारत ने सीरीज में 2-1 की बढ़त के साथ विजेता बनकर दौरे का शानदार समापन किया।
IND vs AUS 5th T20: बारिश की भेंट चढ़ा आखिरी टी20 मैच, भारत ने 2-1 से जीती सीरीज














