---Advertisement---

IND vs ENG Final: भारत ने छठी बार जीता अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब, इंग्लैंड को 100 रनों से हराया; वैभव सूर्यवंशी ने ठोके 175 रन

On: February 6, 2026 8:36 PM
---Advertisement---

IND vs ENG Final: भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित करते हुए छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। शुक्रवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से करारी शिकस्त दी।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन ठोक दिए। यह स्कोर न सिर्फ भारत का दबदबा दिखाता है, बल्कि अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।

वैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक तूफान

भारतीय पारी के हीरो रहे ओपनर वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने इंग्लिश गेंदबाजों पर कहर बरपाते हुए सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन जड़ दिए। उनकी पारी में 15 चौके और 15 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। वैभव की इस विस्फोटक बल्लेबाजी ने मैच की दिशा शुरू में ही तय कर दी। कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी जिम्मेदारी निभाते हुए 53 रनों की अहम पारी खेली। वहीं, कनिष्क चौहान ने नाबाद रहते हुए 37 रन बनाकर अंत में स्कोर को और मजबूती दी। इंग्लैंड की ओर से सेबेस्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन ने 2-2 विकेट हासिल किए।

412 रन का दबाव इंग्लैंड नहीं झेल सका

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। पूरी टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की गेंदबाजी ने इंग्लिश बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। भारतीय गेंदबाज आर.एस. अंबरीश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट चटकाए और रनचेज की कमर तोड़ दी। इंग्लैंड की ओर से कालेब फॉल्कनर ने संघर्ष करते हुए 115 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका।

भारत की बादशाहत कायम

इस जीत के साथ ही भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे सफल टीम होने का अपना रिकॉर्ड और मजबूत कर लिया है। युवा खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now