क्रिकेट

IND vs SA: सुपर-8 में भारत और दक्षिण अफ्रीका की आज होगी भिड़ंत, जानें कब और कहां देखें लाइव मैच

ख़बर को शेयर करें

IND vs SA: टी20 विश्व कप के सुपर-8 चरण में आज टीम इंडिया अपने अभियान का आगाज करने जा रही है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का सामना मजबूत दक्षिण अफ्रीकी टीम से होगा। दोनों ही टीमें टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही हैं, ऐसे में यह मुकाबला सीधे तौर पर सेमीफाइनल की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है। मैच रविवार शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा।

हेड-टू-हेड: भारत का पलड़ा भारी

टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें 5 में भारत और 2 में दक्षिण अफ्रीका को जीत मिली है। वहीं ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल की बात करें तो दोनों टीमों के बीच 35 मैच हुए हैं, जिनमें भारत को 21 मुकाबलों में जीत मिली है जबकि दक्षिण अफ्रीका को 13 मुकाबलों में जीत नसीब हुई है। जबकि 1 मैच बेनतीजा रहा। आंकड़े भारत के पक्ष में जरूर हैं, लेकिन मौजूदा फॉर्म को देखते हुए मुकाबला कड़ा रहने की उम्मीद है।

पिच रिपोर्ट

अहमदाबाद की काली मिट्टी वाली पिच आमतौर पर धीमी रहती है और स्पिन गेंदबाजों को मदद करती है। गेंद बल्ले पर देर से आती है, ऐसे में बड़े स्कोर की संभावना कम ही है। मिडिल ओवर्स में स्पिन अहम भूमिका निभा सकती है। ऐसे में दोनों टीमों के स्पिन आक्रमण पर खास नजर रहेगी।

कहां देखें लाइव मैच

भारत और दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर विभिन्न भाषाओं में प्रसारित होगा। मोबाइल पर लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगी।

प्लेइंग-11 में बदलाव के संकेत

भारतीय गेंदबाजी संयोजन में बदलाव लगभग तय माना जा रहा है। अक्षर पटेल की टीम में वापसी की पूरी संभावना है और वे वॉशिंगटन सुंदर की जगह ले सकते हैं। अहमदाबाद की परिस्थितियां और घरेलू अनुभव उनके पक्ष में जाता है।

भारत की संभावित प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।

सुपर-8 में भारत का पूरा कार्यक्रम

22 फरवरी: भारत vs दक्षिण अफ्रीका – अहमदाबाद
26 फरवरी: भारत vs जिम्बाब्वे – चेन्नई
1 मार्च: भारत vs वेस्टइंडीज – कोलकाता

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।