---Advertisement---

IND vs NAM: भारत ने नामीबिया को 93 रनों से हराया, हार्दिक पांड्या रहे मैच के हीरो

On: February 12, 2026 11:02 PM
---Advertisement---

IND vs NAM: टी-20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया का विजयी अभियान जारी है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने नामीबिया को 93 रन से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 209 रन बनाए, जिसके जवाब में नामीबिया की पूरी टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। टी20 वर्ल्ड कप में  रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी जीत है।

इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी और टी20 वर्ल्ड कप में 10वीं जीत दर्ज की और अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया। साथ ही टीम इंडिया ने सुपर-8 में अपनी जगह लगभग सुनिश्चित कर ली है।

टॉस जीतकर नामीबिया ने चुनी गेंदबाजी

मुकाबले में नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की शुरुआत तेज रही। संजू सैमसन (22) और ईशान किशन (61) ने पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मजबूत नींव रखी। किशन ने अपनी पारी में आकर्षक शॉट्स लगाए और रनगति को बनाए रखा।

मध्यक्रम में तिलक वर्मा (25) और शिवम दुबे (23) ने उपयोगी योगदान दिया। अंत में हार्दिक पंड्या ने 52 रनों की दमदार पारी खेलते हुए टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। हालांकि, नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे, लेकिन भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
नामीबिया की ओर से कप्तान इरास्मस (4 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे।

बड़े लक्ष्य का दबाव नहीं झेल सकी नामीबिया

210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की शुरुआत संतुलित रही। लौरेन स्टीनकैंप (29) और जान फ्राइलिंक (22) ने शुरुआती ओवरों में संभलकर बल्लेबाजी की, लेकिन बड़े लक्ष्य का दबाव साफ नजर आया। जैसे ही भारतीय गेंदबाजों ने लय पकड़ी, विकेटों का पतन शुरू हो गया। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने घातक गेंदबाजी करते हुए 12 गेंदों में 7 रन देकर 3 विकेट चटकाए और मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया। अक्षर पटेल और हार्दिक पंड्या ने 2-2 विकेट झटके। वहीं अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह को 1-1 सफलता मिली। अंततः नामीबिया की टीम 116 रन पर ढेर हो गई।

पंड्या बने प्लेयर ऑफ द मैच

ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हार्दिक पंड्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने बल्ले से 52 रन बनाने के साथ-साथ गेंदबाजी में 2 विकेट भी हासिल किए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

अब पाकिस्तान से भिड़ंत

भारत का अगला मुकाबला 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच यह हाई-वोल्टेज मैच माना जा रहा है, जिस पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों की नजरें टिकी रहेंगी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now