---Advertisement---

IND vs PAK: भारत ने पाकिस्तान को रौंदा, 58 रनों से जीता मुकाबला; अंडर-19 विश्व कप के सेमीफाइनल में बनाई जगह

On: February 1, 2026 10:20 PM
---Advertisement---

IND vs PAK U19 World Cup: भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने रविवार को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते हुए 58 रनों से शानदार जीत दर्ज की और अंडर-19 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। यह रोमांचक मुकाबला क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान का टूर्नामेंट से सफर समाप्त हो गया, जबकि भारत सुपर सिक्स ग्रुप-2 का विजेता बनकर अंतिम चार में पहुंच गया।


पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने बनाए 252 रन


टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और महज 47 रन पर भारत के तीन विकेट गिर गए। टॉप ऑर्डर के लड़खड़ाने के बाद विहान मल्होत्रा और वेदांत त्रिवेदी ने पारी को संभालते हुए टीम को संकट से उबारा और स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। वेदांत त्रिवेदी ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 68 रन बनाए। उनके अलावा वैभव सूर्यवंशी ने तेजतर्रार अंदाज में 22 गेंदों में 30 रन जोड़े। मिडिल ऑर्डर में आरएस अंबरीश (29 रन) के बाद कनिष्क और खिलन पटेल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए अहम अर्धशतकीय साझेदारी निभाई, जिसकी बदौलत भारत 49.5 ओवर में 252 रन बनाने में सफल रहा।


भारतीय गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सकी पाकिस्तान की पारी
253 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत सलामी बल्लेबाज हमजा जहूर और समीर मिन्हास ने की, लेकिन जल्द ही भारत को पहली सफलता मिल गई। हेनिल पटेल ने समीर मिन्हास (9) को आउट कर पाकिस्तान को शुरुआती झटका दिया।
इसके बाद हमजा जहूर और उस्मान खान ने पारी संभालने की कोशिश की और 15 ओवर में स्कोर 81/1 तक पहुंचाया। हालांकि रन रेट का दबाव लगातार बना रहाकनिष्क चौहान ने हमजा जहूर को आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। हमजा 49 गेंदों में 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे।


32वें ओवर में बदला मैच का रुख


मैच का टर्निंग पॉइंट 32वां ओवर साबित हुआ, जब भारत ने लगातार विकेट निकालते हुए पाकिस्तान पर पूरी तरह शिकंजा कस दिया। कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और पूरी टीम 46.2 ओवर में 194 रन पर सिमट गई।


सेमीफाइनल में अफगानिस्तान से मुकाबला


इस तरह भारतीय अंडर-19 टीम ने मुकाबला 58 रनों से जीतकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया।  अब बुधवार को सेमीफाइनल में भारत का सामना अफगानिस्तान से होगा, जबकि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया पहले ही टूर्नामेंट के अन्य दो सेमीफाइनलिस्ट के रूप में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now