---Advertisement---

गढ़वा: राजनीतिक दलों से साझा की गई आदर्श आचार संहिता की जानकारी

On: October 16, 2024 1:30 PM
---Advertisement---

गढ़वा:- समाहरणालय स्थित सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- उपायुक्त गढ़वा शेखर जमुआर द्वारा विधानसभा आम चुनाव 2024 के तहत आदर्श आचार संहिता लागू होने के उपरांत जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया।

उक्त बैठक का आयोजन कर जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- उपायुक्त श्री जमुआर द्वारा भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली द्वारा निर्गत प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गढ़वा अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 80- गढ़वा व 81- भवनाथपुर तथा 76- डालटनगंज पार्ट और 77- विश्रामपुर पार्ट की विधानसभा आम निर्वाचन 2024 के लिए निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि अधिसूचना की तिथि 18 अक्टूबर 2024, नाम निर्देशन करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2024, नाम निर्देशनों की संवीक्षा की तिथि 28 अक्टूबर 2024, अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2024, मतदान करने की तिथि 13 नवंबर 2024 एवं मतगणना की तिथि 23 नवंबर 2024 निर्धारित की गई है।

उपायुक्त श्री जमुआर द्वारा आदर्श आचार संहिता लागू होने के 24 घंटे एवं 72 घंटे के भीतर किए जाने वाले सभी आवश्यक कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई। इसके तहत सभी सरकारी योजनाओं से संबंधित बैनर, पोस्टर आदि हटाने संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि चुनाव के मद्देनजर विभिन्न कोषांगों का गठन किया गया है। मौके पर गठित कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों का संपर्क संख्या भी प्रेस प्रतिनिधियों को साझा किया गया।

उन्होंने बताया कि एएमएफ के तहत सभी पोलिंग स्टेशन पर सभी आवश्यक सुविधाओं को बहाल किया गया है, जिसके तहत पेयजल, शौचालय, रैंप, प्रकाश (लाइटनिंग), फर्नीचर, हेल्पडेस्क आदि की व्यवस्था की गई है, ताकि मतदान दिवस पर मतदाताओं समेत सुरक्षाकर्मियों एवं मतदान कर्मियों को समस्या का सामना न करना पड़े। साथ ही सभी मतदान केंन्द्रों पर वॉलिंटियर्स के रूप में एनसीसी, एनएसएस स्काउट गाईड, मेंबर्स ऑफ़ ईएलसी फ़ॉर फ्यूचर वोटर्स से तैनाती की जाएगी। सभी प्रिंटिंग प्रेस गढ़वा जिला के द्वारा पोस्टर, पंपलेट, पुस्तिका आदि के मुद्रण के संदर्भ में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 127 (ए) का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 क्रियाशील हो गया है। उनके द्वारा जानकारी दी गई कि डिस्पैच सेंटर के रूप में 80- गढ़वा एवं 81- भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए श्री सद्गुरु जगजीत सिंह नामधारी महाविद्यालय गढ़वा को बनाया गया है, जबकि रिसीविंग सेंटर कृषि उत्पादन बाजार समिति गढ़वा को बनाया गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बीच विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या के विवरण भी से भी अवगत कराया गया। विधानसभा क्षेत्र 80 गढ़वा में पुरुष मतदाताओं की संख्या 213618 वहीं महिला मतदाता की संख्या 201489 अर्थात कुल मतदाताओं की संख्या 415107 बताई गई। वही विधानसभा क्षेत्र 81 भवनाथपुर में पुरुष मतदाताओं की संख्या 226547 वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 209251 बताई गई अर्थात कुल 435798 मतदाता होने की जानकारी दी गई।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के विभिन्न प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडेय ने कहा कि भयमुक्त वातावरण में हम मतदान कराने हेतु प्रतिबद्ध हैं। आवश्यकता अनुसार एवं निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार पुलिस बल की डेप्लॉयमेंट की जाएगी। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ की सहायता से हम सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भी स्वच्छ वातावरण में मतदान सुनिश्चित कराएंगे। पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि फ्लाइंग स्क्वायड टीम भी पूरी तरह से सक्रिय भूमिका में आ गई है। जिले के विभिन्न चौक चौराहों पर चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा। साथ ही जिले से सटे इंटर स्टेट बॉर्डर खरौंधी, नगर ऊंटारी, बरगढ़, गोदरमाना, हरिहरपुर समेत अन्य स्थानों पर चेक पोस्ट लगाया गया है एवं पैनी नजर रखी जा रही है। वन विभाग से जुड़े क्षेत्रों पर भी चेक पोस्ट लगाया गया है। पुलिस विभाग द्वारा कंट्रोल रूम भी बनाया गया है एवं हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। चुनाव के दौरान गड़बड़ी करने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखा जाएगा। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को लेकर भी एक अलग से टीम का गठन किया गया है, जो सोशल मीडिया पर भड़काऊ एवं भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर नजर रखेगी। उन्होंने मीडिया के माध्यम से मतदाताओं से अपील किया कि आप घरों से बाहर आकर बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग करें एवं चुनाव के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने किसी प्रकार की शिकायत अथवा समस्याओं के लिए डायल 112 का प्रयोग करने की भी अपील की। मौके पर उपस्थित जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार राय द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया में सहायक विभिन्न एप्प्स के बारे में लोगों को बताया गया।

उन्होंने निर्वाचन संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत हेतु सी-विजील एप्लिकेशन का उपयोग करने की अपील की। साथ ही जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश द्वारा चुनाव प्रचार कार्य अथवा अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने हेतु सुविधा एप का इस्तेमाल करने की बात कही गई। निर्वाचन कार्य में अधिकतम राशि खर्च करने को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई एवं निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप ही राशि खर्च करने की बात कही गई।

उक्त मौके पर उपरोक्त के अलावे उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी रंका, प्रभाकर मिर्धा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, प्रभारी पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा, संजय प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी नीरज कुमार, उत्पाद अधीक्षक निर्मल कुमार समेत जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें

एल.के. पब्लिक मंझिआँव में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी एवं परीक्षाफल वितरण समारोह संपन्न

श्री रुद्र महायज्ञ के समापन के पश्चात जागृति युवा क्लब ने किया सम्मान समारोह सह वनभोज कार्यक्रम का आयोजन, प्रधान संयोजक राकेश पाल ने जताया आभार।

मझिआंव में शिक्षा की नई अलख: आर.के. पब्लिक स्कूल को मिली सीनियर सेकेंडरी संबद्धता, मेधावी छात्रों के लिए 100% तक छात्रवृत्ति की घोषणा

बंशीधर नगर गोली कांड का खुलासा, प्रेम प्रसंग के चक्कर में घटना को दिया अंजाम

गढ़वा में सड़क हादसा: बाल-बाल बचे विधायक अनंत प्रताप देव, एयरबैग खुलने से टली अनहोनी

श्री बंशीधर नगर में दिनदहाड़े दुकानदार को मारी गोली, हालत गंभीर