---Advertisement---

खान सर को अदालत से अंतरिम राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक,फायरिंग मामले की जांच जारी

On: June 9, 2026 10:46 AM
---Advertisement---

पटना:पटना के चर्चित शिक्षक खान सर को कथित फायरिंग मामले में बड़ी कानूनी राहत मिलने की खबर आ रही है। पटना सिविल कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए फिलहाल उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। यह मामला 2 जून को उनके कोचिंग संस्थान के बाहर हुई कथित गोलीबारी से जुड़ा है, जिसमें उनके खिलाफ कदमकुआं थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की थी। वीडियो में कोचिंग संस्थान के दो सुरक्षा गार्ड हथियार से फायरिंग करते नजर आए थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों गार्डों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
घटना की शुरुआत 2 जून की रात हुई, जब कुछ लोगों द्वारा कोचिंग संस्थान के बाहर हंगामा, पोस्टर फाड़ने और सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा। शुरुआती दौर में खान सर ने भी फायरिंग होने की बात कही थी, लेकिन बाद में उन्होंने अपने बयान में बदलाव कर लिया। वहीं, पूछताछ के दौरान सुरक्षा गार्डों ने दावा किया कि उन्होंने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी और यह कदम खान सर की जानकारी में उठाया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच का दायरा बढ़ाते हुए आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत खान सर को भी नामजद कर लिया।
गिरफ्तारी की आशंका के बीच खान सर की ओर से सोमवार को अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की गई। सरेंडर की चर्चाओं के बावजूद वे अदालत में पेश नहीं हुए। मंगलवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उन्हें अंतरिम राहत देते हुए गिरफ्तारी पर रोक लगाने का आदेश दिया।
इधर, इसी मामले में गिरफ्तार किए गए ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनन्द की नियमित जमानत याचिका पर बहस पूरी हो चुकी है। अदालत ने इस पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। पुलिस ने फायरिंग प्रकरण की जांच के दौरान उन्हें गिरफ्तार किया था।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now