गढ़वा: उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश यादव द्वारा जिले में शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता एवं सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर लगातार निरीक्षण एवं समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में उपायुक्त ने आज क्षेत्र भ्रमण के दौरान रंका अनुमंडल का दौरा किया।

दौरे के क्रम में उपायुक्त द्वारा उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय शिवनाला, रंका-1 का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति अत्यंत कम पाई गई। वहीं मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत भोजन का संचालन भी नहीं किया जा रहा था।

निरीक्षण के समय विद्यालय के प्रभारी सुरेंद्र राम से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि आज विद्यालय में रसोईया के अनुपस्थित रहने के कारण मध्यान्ह भोजन नहीं बन पाया। उपायुक्त ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की और विद्यालय प्रभारी से स्पष्टीकरण की मांग की।
उपायुक्त के निर्देश पर विद्यालय प्रभारी के साथ-साथ बीपीओ (BPO), बीआरपी (BRP), सीआरपी (CRP), प्रधानाध्यापक एवं विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष से भी लिखित स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
उपायुक्त श्री यादव ने निर्देश दिया है कि 15 दिसंबर को अपराह्न 12:00 बजे उपर्युक्त सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने स्पष्टीकरण के साथ उनके समक्ष अनिवार्य रूप से उपस्थित होंगे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए। इस प्रकार की लापरवाही छात्रों के हितों के प्रतिकूल है और इसे किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यालयों की नियमित निगरानी, शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।














