
धनबाद: डुमरी विधायक जयराम महतो ने बरवाअड्डा थाना परिसर से जुड़े वायरल ऑडियो को लेकर मंगलवार को अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी के साथ हुई करीब 11 मिनट की बातचीत को एडिट कर चुनिंदा हिस्सों के साथ वायरल किया गया है। विधायक का कहना है कि इस तरह ऑडियो को प्रसारित कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
जयराम महतो ने मामले को निजता के अधिकार से जुड़ा बताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने 21 अगस्त को बरवाअड्डा थाना परिसर में हुई पूरी घटना की CCTV फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की। विधायक के मुताबिक, CCTV फुटेज के साथ उपलब्ध अन्य रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
विधायक ने थाना परिसर में मारपीट होने के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस जरूर हुई थी, लेकिन मारपीट नहीं हुई। उन्होंने बरवाअड्डा थाना प्रभारी पर आम लोगों के साथ कथित दुर्व्यवहार और अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप भी लगाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
वहीं, महिला पुलिस अधिकारी से संबंधित विधायक के एक आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। जयराम महतो ने कहा कि क्षेत्र की जनता अपनी समस्याएं लेकर उनके पास आती है और जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी शिकायतों को उठाना उनका दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर उनकी आवाज आगे भी जारी रहेगी।





