चेतावनी: आगे और सख्त कार्रवाई होगी
जमशेदपुर: ध्वनि प्रदूषण और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए जप्त 151 बाइक साइलेंसरों को सार्वजनिक रूप से बुलडोजर से कुचलवा दिया और बाइकों के मालिकों से जुर्माना की भी वसूली की है। इस अभियान का मकसद हुड़दंगियों पर नकेल कसने की सख्त तैयारी दिख रही है।इस कारवाई के दौरान सिटी एसपी कुमार शिवाशीष और डीएसपी यातायात नीरज पाठक मौके पर मौजूद रहे।
सिटी एसपी ने बताया कि हाल के दिनों में विशेष अभियान चलाकर उन बाइक चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी, जो अपनी बुलेट समेत अन्य मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर तेज आवाज और पटाखे जैसी ध्वनि निकालते थे। अभियान के तहत ऐसे वाहनों को जब्त कर उनके साइलेंसर खोल लिए गए थे। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों से कुल 7.50 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना भी वसूला गया।
उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी है, ताकि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अनावश्यक ध्वनि प्रदूषण से बचें। वहीं डीएसपी नीरज पाठक ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने खास तौर पर आने वाले रामनवमी पर्व को देखते हुए चेतावनी दी कि कई लोग इस दौरान बाइकों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर निकलते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









