जमशेदपुर: उलीडीह ओपी क्षेत्र में आदिवासी क्लब के समीप झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी मच गई है। रविवार की सुबह इस बात की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से हमला करने के निशान पाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। परिजनों के अनुसार विकास शनिवार देर रात अपने भगीने से मिलने के लिए उलीडीह गया था। भगीने से मुलाकात के बाद वह घर लौटने के लिए निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं पहुंचा। परिवार के लोगों ने उसे कई बार फोन करने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
रविवार सुबह उलीडीह में रहने वाली एक युवती ने परिजनों को फोन कर झाड़ियों में एक युवक का शव पड़े होने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान विकास सिंह के रूप में की गई। हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के भाई ने स्थानीय नशेड़ियों पर हत्या करने का संदेह जताया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और इसी कारण विकास किसी आपराधिक वारदात का शिकार हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।








