---Advertisement---

जमशेदपुर:सड़क हादसों पर डीसी गंभीर, 15 साल से अधिक पुराने कंडम वाहनों को हटाने की तैयारी

On: May 18, 2026 9:13 PM
---Advertisement---

ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट चलने वालों के खिलाफ कड़ा रुख

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला उपायुक्त जिले में हो रही सड़क हादसों को लेकर गंभीर हो गए हैं। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त राजीव रंजन ने सड़क हादसों और बढ़ते प्रदूषण को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब जिले में 15 साल से अधिक पुरानी, जर्जर और अनफिट गाड़ियों को सड़कों से हटाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में स्कूल और कॉलेजों में बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों में ओवरलोडिंग पर भी कड़ा रुख अपनाया गया। उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। स्कूल प्रबंधन, पूल कार और वैन संचालकों को एक महीने का अल्टीमेटम दिया गया है ताकि वे सभी जरूरी सुरक्षा मानकों को पूरा कर लें। इसमें फिटनेस सर्टिफिकेट, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर और निर्धारित सीट क्षमता का पालन अनिवार्य किया गया है। तय समय सीमा के बाद विशेष जांच अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाली गाड़ियों को जब्त किया जाएगा।

बैठक में जिले में हाल के दिनों में हुए सड़क हादसों की भी समीक्षा की गई। प्रशासन ने पाया कि अधिकतर दुर्घटनाओं में बाइक सवार शामिल थे और उनमें से कई लोगों ने हेलमेट नहीं पहना था। इसी को देखते हुए जिलेभर में नियमित हेलमेट चेकिंग अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों पर भारी चालान काटा जाएगा और लगातार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

प्रशासन ने “शून्य सड़क दुर्घटना” के लक्ष्य के साथ लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की है।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now