जमशेदपुर:आगामी 21 जून को होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए विद्यालय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ उत्क्रमित उच्च विद्यालय लक्ष्मीनगर से किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रिया कुमारी सिंह, राष्ट्रीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित वरिष्ठ शिक्षिका डॉ. अनीता शर्मा, पतंजलि योग समिति पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी नरेंद्र कुमार, पतंजलि जिला महासचिव मनोज कुमार श्रीवास्तव एवं महिला वरिष्ठ योग शिक्षिका आरती सिन्हा उपस्थित थे।

योग उन्मुखीकरण कार्यक्रम का संचालन पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी नरेंद्र कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि योग की छोटी-छोटी क्रियाएं जीवन में बड़ा बदलाव लाने में सहायक होती है। विद्यार्थी जीवन में योग अपनाने से हम, जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता ला सकते हैं।

पतंजलि जिला महासचिव मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पिछले वर्ष के भांति इस वर्ष भी पतंजलि योग समिति और जिला शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन सी एम स्कूल फॉर एक्सीलेंस बीपीएम वर्मामाइंस में करने जा रही है। कार्यक्रम में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगी।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक एवं शहर के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में बीपीएम वर्मामाइंस के अलावे आसपास से खालसा मिडिल एवं हाई स्कूल, सिस्टर निवेदिता उच्च विद्यालय, हंसराज गोयल स्कूल, उत्क्रमित उच्च विद्यालय लक्ष्मीनगर एवं अन्य विद्यालयों के 1000 से अधिक छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पतंजलि के सभी कार्यकर्ता अथक परिश्रम कर रहे हैं एवं विद्यालय – विद्यालय जा करके विद्यार्थियों को योग के प्रति जागरूक कर रहे हैं।








