
जमशेदपुर : चोरी और छिनतई की लगातार हो रही घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम देने वाले एक कथित संगठित गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने की।
पुलिस गिरफ्त में आने वालों की पहचान तुषार कालिंदी, सन्नी कालिंदी, लक्ष्मण बागती, आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा के रूप में हुई है। इनके पास से पुलिस ने चोरी और छिनतई के 31 मोबाइल फोन, सोने के आभूषण, दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
सुनसान इलाकों में राहगीरों को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर सुनसान रास्तों और कम भीड़भाड़ वाले इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाते थे। वारदात के बाद लूटे गए सामान को ठिकाने लगाने के साथ गिरोह के सदस्य आगे की घटनाओं की योजना भी तैयार करते थे।
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने गुरुवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस टीम काफी समय से इस गिरोह की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस
पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब इनके संभावित अन्य सहयोगियों और संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।




