
जमशेदपुर: शहर में दोबारा हेलमेट जांच शुरू होते ही साकची आम बगान रोड पर भारी बवाल हो गया। घटना रविवार सुबह की है। ट्रैफिक पुलिस और बाइक सवारों के बीच धक्का मुक्की की खबर है।
बताया जा रहा है कि आमबगान मैदान की ओर जाने वाली सड़क पर ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच गया, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
चेकिंग से बचने के दौरान गिर पड़े बाइक सवार
मिली जानकारी के मुताबिक, आमबगान रोड पर ट्रैफिक पुलिस की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने एक बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि दोनों युवक रुकने के बजाय बाइक लेकर आगे निकलने लगे। कुछ दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे दोनों युवकों को चोटें आईं।
घायल युवकों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों द्वारा पीछा किए जाने के कारण वे बाइक से गिर गए। इसके बाद मौके पर पहुंचे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से युवकों की बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ने के साथ ही स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कुछ लोगों ने ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। काफी देर तक सड़क पर हंगामे की स्थिति बनी रही।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया। घायल दोनों बाइक सवारों को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
लंबे अंतराल के बाद फिर शुरू हुई हेलमेट जांच
गौरतलब है कि जमशेदपुर शहर में पिछले कुछ समय से हेलमेट चेकिंग अभियान काफी हद तक बंद था। अब एक बार फिर ट्रैफिक पुलिस ने सड़कों पर जांच शुरू कर दी है। रविवार को हुई घटना के बाद चेकिंग को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों का कहना था कि जब लंबे समय से हेलमेट जांच नहीं हो रही थी, तो अचानक दोबारा अभियान शुरू किए जाने से वाहन चालकों में असमंजस की स्थिति बनी है।
हालांकि, घटना को लेकर ट्रैफिक पुलिस की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






