---Advertisement---

झारखंड: पलामू में एक और मोब लिंचिंग, चोरी के आरोप में युवक की पीट-पीटकर हत्या

On: February 22, 2026 11:21 AM
---Advertisement---

पलामू:पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलियाही गांव में चोरी करने के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ा और उसकी कथित रूप से बुरी तरह पिटाई कर दी जिससे उसकी मौत हो गई है। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक की पहचान कोकरसा गांव निवासी मनोज राम के 25 वर्षीय पुत्र पवन कुमार के रूप में हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने पवन कुमार पर एक घर में चोरी की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई कर दी. घटना की सूचना मिलते ही पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. वहां पवन कुमार गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला.

पुलिस ने उसे तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
थाना प्रभारी के अनुसार, ग्रामीणों का आरोप है कि पवन कुमार चोरी की नीयत से घर में घुसा था, जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर मारपीट की. हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों की जांच की जा रही है.

मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अस्पताल पुलिस चौकी की एएसआई सुशीला टोप्पो पुलिस जवानों के साथ अस्पताल पहुंचीं और परिजनों से पूछताछ के बाद शव का इंक्वेस्ट कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जिससे इलाके में तनाव माहौल है.

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now