दुमका: दुमका के गांधी मैदान में सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 47वें झारखंड दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने गुरुजी शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत भावुक शब्दों के साथ करते हुए कहा कि आज स्थापना दिवस पर हम सभी उपस्थित हैं, लेकिन यह दिन इतिहास का वह पन्ना भी है, जब हमारे मार्गदर्शक दिशोम गुरुजी हमारे बीच शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि हम उन वीर सपूतों की संतान हैं, जिन्होंने हमें संघर्ष, स्वाभिमान और अधिकारों की राह दिखाई।

गरीबों, आदिवासियों और मूलवासियों के लिए सरकार प्रतिबद्ध
हेमंत सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरुजी के आशीर्वाद और उनके विचारों के बल पर आज झारखंड सरकार गरीब-गुरुबा लोगों, आदिवासी-मूलवासियों और राज्य की आधी आबादी के लिए बड़े पैमाने पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी निष्ठा के साथ झारखंड की जनता के हित में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि जिन अंग्रेजों के खिलाफ हमारे पूर्वजों ने संघर्ष किया, जिन्होंने हमारे समाज को अपमानित किया और शोषण किया, आज वही समय बदल चुका है। आज झारखंड का युवा उन्हीं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर बैठकर उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहा है। सरकार ने ऐसे कानून बनाए हैं, जिससे आदिवासी और मूलवासी समाज के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य से आदिवासी नौजवान वैश्विक मंचों पर राज्य और देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने राज्य के प्राकृतिक संसाधनों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश का सबसे अधिक खनिज झारखंड से निकलता है, लेकिन जब केंद्र सरकार का बजट पेश होता है तो झारखंड का नाम तक नहीं लिया जाता। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य के साथ हो रहे इस अन्याय को सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी और झारखंड के हक की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी।
हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधी झारखंड की जनता और सरकार को कमजोर समझते थे, लेकिन उनकी चालें सफल नहीं हुईं। उन्होंने कहा कि अब झारखंड की जनता राजनीतिक चक्रव्यूह और षड्यंत्र को भली-भांति समझ चुकी है और हर साजिश का जवाब देना जानती है।
आगामी नगर निकाय चुनाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में जबरदस्त उत्साह का माहौल है और जनता पूरी तरह जागरूक है।
कार्यक्रम में कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे बुजुर्गों, माताओं-बहनों और कार्यकर्ताओं को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी की एकजुटता ही हमारी असली ताकत है। उन्होंने आह्वान किया कि इस ताकत को कमजोर नहीं पड़ने देना है।
स्थापना दिवस के अवसर पर दिशोम गुरुजी को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने सभी से संकल्प लेने की अपील की कि वे अपने बच्चों को पढ़ाएंगे, लिखाएंगे, उन्हें काबिल बनाएंगे और गांव, समाज व राज्य का नाम रोशन करेंगे।
मौके पर मंत्री सुदिव्य सोनू, मंत्री हफीजुल हसन, सांसद नलिन सोरेन, सांसद विजय हांसदा, विधायक बसंत सोरेन, लुईस मरांडी, उदय शंकर सिंह, एमटी राजा, आलोक कुमार सोरेन समेत पार्टी के कई वरीय नेता सुप्रियो भट्टाचार्य मौजूद रहे।














