जनसुनवाई और संगठनात्मक मजबूती का केंद्र बनेगा नया कार्यालय : देवेंद्र नाथ महतो
सिल्ली:- झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने शनिवार को सिंगपुर चौक में प्रखंड स्तरीय कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत बंता मोड़ से भव्य मोटरसाइकिल रैली के साथ हुई, जिसमें कार्यकर्ताओं ने पूरे क्षेत्र में उत्साह और जोश का माहौल बनाया। इसके बाद पुलवामा हमला में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद संगठन की केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह कार्यालय क्षेत्र की जनता के लिए जनसुनवाई, समस्याओं के त्वरित समाधान तथा संगठनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य आम लोगों की आवाज़ को सशक्त बनाना, स्थानीय मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करना तथा सामाजिक न्याय और जनहित के प्रश्नों को प्राथमिकता देना है।
महतो ने संगठन के मार्गदर्शक टाइगर जयराम महतो की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। इस मौके पर पार्वती कुमारी, कृष्णा महतो, महावीर साहू, जाकिर खान, नरेश महतो, प्रकाश महतो, गदाधर महतो, रेखा कुमारी, खुदिराम महतो, गुहीराम स्वांसी, सरस्वती देवी, संजीव महतो, निवारन महतो, राज किशोर महतो, कार्तिक महतो सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।











