दुमका

झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने दुमका में फहराया तिरंगा, शहीदों को किया नमन

ख़बर को शेयर करें

दुमका: 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखंड के राज्यपाल ने राज्य की उपराजधानी दुमका के पुलिस लाइन मैदान में ध्वजारोहण किया। उन्होंने सशस्त्र बलों के परेड की सलामी ली और इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट की। उन्होंने परेड में भाग लेने वाले जवानों, उत्कृष्ट कर्मियों को भी सम्मान प्रदान किया।

राज्यपाल ने अमर शहीदों को किया नमन

राज्यपाल ने इस मौके पर अपने संबोधन में आजादी की लड़ाई में शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, लाला लाजपत राय, उधम सिंह, चन्द्रशेखर आजाद जैसे अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, डॉ राजेन्द्र प्रसाद, पंडित जवाहर लाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, डॉ भीमराव अम्बेडकर, मौलाना आजाद जैसे नेताओं के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके संघर्ष, त्याग, बलिदान की बदौलत ही आज हम एक समृद्ध राष्ट्र बनने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद हमारे देश ने सभी क्षेत्रों में प्रगति की है और कई क्षेत्रों में कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उपलब्धि में झारखंड का योगदान बेहद अहम है। झारखंड के विकास के लिए सरकार व्यापक प्रयास कर रही है। हमारी सरकार संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ विकास पथ पर अग्रसर है। सरकार के प्रयासों का ही प्रतिफल है कि झारखंड न केवल भारत, बल्कि विश्व क्षितिज पर अपनी चमक बिखेर रहा है।

झारखंड विश्व क्षितिज पर अपनी चमक बिखेर रहा है : राज्यपाल

राज्यपाल ने कहा कि झारखंड के विकास के लिए सरकार व्यापक प्रयास कर रही है। हमारी सरकार संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ विकास पथ पर अग्रसर है। सरकार के प्रयासों का ही प्रतिफल है कि झारखंड न केवल भारत, बल्कि विश्व क्षितिज पर अपनी चमक बिखेर रहा है। राज्यपाल ने भारत सरकार और झारखंड की सरकार की ओर से नागरिकों की बेहतरी के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसी भी देश-राज्य के विकास के लिए बेहतर कानून-व्यवस्था का होना आवश्यक है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने पुराने ब्रिटिश समय के कानूनों को हटाते हुए तीन नए कानून देश में लागू किए हैं। इन कानूनों का मुख्य उद्देश्य दोषी को सजा और पीड़ितों को न्याय दिलाना है। देश की कानून- व्यवस्था को बेहतर बनाने में यह एक ऐतिहासिक कदम है।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष गंगवार के अलावा संथाल परगना प्रमंडल के आयुक्त लालचंद डाडेल, आईजी क्रांति कुमार, डीआईजी संजीव कुमार, सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के कुलपति विमल कुमार सिंह, जिले के उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे, एसपी पीतांबर सिंह खेरवार, दुमका विधायक बसंत सोरेन समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।