
रांची: झारखंड हाईकोर्ट को बुधवार को तीन नए न्यायाधीश मिले। झारखंड सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विस कैडर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (PDJ) मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा ने बुधवार को झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश पद की शपथ ली। हाईकोर्ट परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक ने तीनों नवनियुक्त न्यायाधीशों को बारी-बारी से पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह बुधवार सुबह 10.15 बजे हाईकोर्ट परिसर में शुरू हुआ। मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक ने सबसे पहले नवनियुक्त न्यायाधीशों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में हाईकोर्ट के सभी न्यायाधीशों के अलावा अधिवक्ता, न्यायिक पदाधिकारी, नवनियुक्त जजों के परिवार के सदस्य और रिश्तेदार भी मौजूद रहे।
हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त होने से पहले तीनों अधिकारी झारखंड के अलग-अलग जिलों में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे। मनोज प्रसाद गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश थे। अखिल कुमार साहिबगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे। राम शर्मा पलामू के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश थे।





