खासम ख़ासझारखंडरांची

झारखंड राज भवन का नाम बदला और हो गया आज से लोक भवन

ख़बर को शेयर करें

रांची: झारखंड राज भवन का नाम बुधवार से बदल गया है आज से यह लोक भवन के नाम से जाना जाएगा।केंद्र सरकार के निर्देश के बाद झारखंड के राजभवन का नाम बदलकर अब ‘लोक भवन’ कर दिया गया है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अपर मुख्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी के हस्ताक्षर से आज यानी बुधवार को अधिसूचना जारी कर दी गई है। जारी अधिसूचना के अनुसार राजधानी रांची और उपराजधानी दुमका स्थित राजभवन का यह नया नाम तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

केंद्रशासित प्रदेशों के आवासों के नाम भी बदले
केंद्र सरकार ने देश के सभी राज्यों के राजभवनों का नाम बदलकर ‘लोक भवन’ करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में उपराज्यपाल के निवास-कार्यालय का नाम अब ‘लोक निवास’ रखा जाएगा। सरकार का कहना है कि नाम बदलने का उद्देश्य औपनिवेशिक मानसिकता को समाप्त करना है।

इतिहास में गवर्नर हाउस के रूप में जाना जाता था
ब्रिटिश शासन के दौरान राजभवन को ‘गवर्नर हाउस’ कहा जाता था। झारखंड राजभवन की बात करें तो राज्य गठन के बाद 2000 में यह पूरी तरह से स्थापित हुआ। राजभवन परिसर कुल 62 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें मुख्य राजभवन 52 एकड़ और ऑड्रे हाउस 10 एकड़ में स्थित है।
इस राजभवन का निर्माण 1930 में शुरू हुआ था और मार्च 1931 में लगभग 7 लाख रुपये की लागत से पूरा हुआ। इसका डिज़ाइन ब्रिटिश वास्तुकार सैडलो बैलर्ड ने तैयार किया था। इमारत मुख्यतः ब्रिटिश शैली की है, लेकिन इसे स्थानीय जलवायु के अनुसार बनाया गया है। छत पर गर्मी से बचाव के लिए डबल रानीगंज टाइलें लगी हैं और बैठक कक्ष व दरबार हॉल में सागौन की लकड़ी का उपयोग हुआ है।

Avatar photo

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।