---Advertisement---

झारखंड: नाबालिग को जबरन ट्रक में उठा ले गए, 6 दरिंदों ने तीन दिनों तक किया गैंगरेप

On: March 9, 2026 10:19 AM
---Advertisement---

पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले के मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र से नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 15 वर्षीय एक लड़की को अगवा कर छह युवकों द्वारा तीन दिनों तक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य तीन की तलाश में छापेमारी जारी है।

पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि घटना 17 फरवरी की है। मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नाबालिग लड़की पास की दुकान से सामान लेने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान गांव के ही छह युवकों ने उसे जबरन एक हाइवा वाहन में बैठाकर अगवा कर लिया।

आरोप है कि अपहरण के बाद आरोपियों ने उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर तीन दिनों तक उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया। घटना के बाद गांव में मामले को दबाने के लिए पंचायत भी बुलाई गई थी, जहां आपसी समझौते के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की गई। हालांकि पंचायत में सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद पीड़िता ने 6 मार्च को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल तीन युवकों दशरथ किस्कू, शक्ल टुडू और प्रधान मरांडी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उस हाइवा वाहन को भी जब्त कर लिया है, जिसमें नाबालिग के साथ घटना को अंजाम दिया गया था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में कुल छह आरोपी शामिल हैं। इनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत कांड संख्या 37/26 दर्ज कर लिया है। मामले की जांच तेजी से जारी है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now