कोडरमा

कोडरमा में जंगली हाथियों का आतंक, महुआ चुनने गई महिला को कुचल कर मार डाला

ख़बर को शेयर करें

कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां हाथी के हमले में एक महिला की जान चली गई। यह घटना रविवार सुबह जामू पंचायत के हरलाडीह गांव में घटी, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 55 वर्षीय सीता देवी के रूप में हुई है। वह रोज की तरह सुबह करीब 5:30 बजे गांव की अन्य महिलाओं के साथ जंगल में महुआ चुनने के लिए गई थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां आ धमका। हाथी को देखते ही साथ गई अन्य महिलाएं किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहीं, लेकिन सीता देवी समय पर वहां से निकल नहीं सकीं।

बताया जा रहा है कि हाथी ने सीता देवी को अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया ओर कुचल दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद हाथी को वहां से खदेड़ा गया।

इस घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक के साथ-साथ गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही हो रही है, लेकिन वन विभाग की ओर से इसे रोकने या लोगों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था। उन्होंने मांग की है कि हाथियों के आतंक से निजात दिलाने के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
फिलहाल, इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है और लोग जंगल जाने से कतरा रहे हैं।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।