
रांची: झारखंड के कई हिस्सों में शुक्रवार को भी बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 अगस्त को राज्य में बारिश के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश के दौरान वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा। ऐसे में लोगों को मौसम खराब होने के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।
राज्य के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के उपखंडवार पूर्वानुमान के मुताबिक झारखंड में 28 अगस्त से 31 अगस्त तक भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान जमशेदपुर में 67.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जो राज्य में सर्वाधिक रही।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। बारिश और आंधी के दौरान बिजली के खंभों, बड़े पेड़ों और खुले मैदानों से दूरी बनाए रखना सुरक्षित रहेगा। वज्रपात की स्थिति में घर के अंदर रहना और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए।






