
Jharkhand Weather: दीपावली के दिन झारखंड का मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी इलाकों में 20 और 21 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा, चतरा और लोहरदगा जैसे जिले शामिल हैं। वहीं, राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मुताबिक 21 से 23 अक्टूबर के बीच इन जिलों में सुबह के समय कोहरा और हल्की धुंध छा सकती है, जबकि दिन में आसमान साफ रहने की उम्मीद है। राजधानी रांची और उसके आसपास के क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा।
शुक्रवार को रांची का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है। वहीं, अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्की धुंध और धुंधलापन देखने को मिल सकता है, लेकिन दिन में मौसम साफ रहेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है। इससे खासकर पश्चिमोत्तर जिलों जैसे चतरा, लातेहार और लोहरदगा में रात के समय हल्की ठंड महसूस की जा सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल किसी बड़े मौसमी परिवर्तन की संभावना नहीं है। हवाएं सामान्य गति से चलेंगी और मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहेगा। वहीं, छठ महापर्व के बाद झारखंड में ठंड में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
