दो दिनों तक सुस्त रहेगा झारखंड, 24 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून; कई जिलों में होगी भारी बारिश, झारखंड हिंदी न्यूज
अगले दो दिनों तक झारखंड में मॉनसून की सक्रियता कम रहने की संभावना है, जिससे बारिश में कमी आ सकती है. हालांकि, मौसम विभाग ने 24 जुलाई से मानसून के दोबारा सक्रिय होने और राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है.
झारखंड में लगातार बारिश के बाद अगले दो दिनों तक मानसून की सक्रियता कुछ कमजोर पड़ सकती है. हालांकि, मौसम विभाग ने 24 जुलाई से मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना जताई है. इसके बाद राज्य के ज्यादातर हिस्सों में फिर से अच्छी बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार से मंगलवार सुबह तक राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई. सबसे अधिक बारिश सरायकेला के नीमडीह में 131.4 मिमी रिकार्ड की गयी. इसके अलावा लातेहार के बरियातू में 110 मिमी, राजमहल में 105 मिमी, सिमडेगा में 86.4 मिमी, हजारीबाग में 73.2 मिमी, पश्चिमी सिंहभूम में 73 मिमी, जामताड़ा में 68.4 मिमी, धनबाद में 66 मिमी, लोहरदगा में 38 मिमी और रामगढ़ में 36.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी. राजधानी रांची में 15.6 मिमी बारिश हुई.
लगातार बारिश से राज्य में मानसून की स्थिति में सुधार हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक, 1 जून से 21 जुलाई तक झारखंड में 282.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो इस अवधि में होने वाली सामान्य 403.4 मिमी बारिश से 30 फीसदी कम है. पहले की तुलना में बारिश की कमी में सुधार हुआ है।
राजधानी रांची में इस दौरान 350.8 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 417.2 मिमी से 18 फीसदी कम है. मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान दो डिग्री और न्यूनतम तापमान एक डिग्री गिर गया।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी रहेगी, लेकिन 24 जुलाई से मानसून फिर से सक्रिय हो जाएगा, जिससे राज्य के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश की संभावना है.
