रांची: असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी चुनावी गतिविधियों को तेज कर दिया है। पार्टी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को एक संशोधित पत्र भेजकर अपने स्टार प्रचारकों की सूची प्रस्तुत की है और राज्य में व्यापक चुनाव प्रचार की अनुमति मांगी है।
झामुमो द्वारा भेजे गए इस पत्र में स्पष्ट किया गया है कि पार्टी असम के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर प्रचार अभियान चलाने की योजना बना रही है। इसके तहत जनसभाएं, रोड शो और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि पार्टी अपने विचारों और नीतियों को अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचा सके।
पार्टी ने अपने अध्यक्ष हेमंत सोरेन को मुख्य चुनाव प्रचारक नियुक्त किया है। वे पूरे प्रचार अभियान का नेतृत्व करेंगे और विभिन्न क्षेत्रों में जाकर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने का कार्य करेंगे।
इसके अलावा झामुमो ने कई वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है। इनमें डॉ. सरफराज अहमद, विनोद कुमार पांडेय, सुप्रियो भट्टाचार्य, जोबा माझी, अभिषेक प्रसाद, पंकज मिश्रा, सुदिव्य कुमार, दीपक बिरुवा, चमरा लिंडा, योगेंद्र प्रसाद, विजय हांसदा, कल्पना मुर्मू सोरेन, डॉ. महुआ माजी, हफीजुल हसन, भूषण तिर्की, विकास मुंडा, एम.टी. राजा, आलोक सोरेन और डॉ. लुईस मरांडी जैसे नेता शामिल हैं।
पार्टी ने चुनाव आयोग से अनुरोध किया है कि इन सभी नेताओं को असम में चुनाव प्रचार की अनुमति प्रदान की जाए। साथ ही, उनके हवाई, सड़क और रेल मार्ग से आवागमन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक पास जारी करने की भी मांग की गई है।
झामुमो ने यह पत्र लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 77 के तहत भेजा है। इस धारा में चुनावी खर्च और प्रचार से जुड़े नियमों का प्रावधान किया गया है, जिसके तहत स्टार प्रचारकों की सूची देना आवश्यक होता है।
झामुमो की इस सक्रियता को देखते हुए माना जा रहा है कि पार्टी असम विधानसभा चुनाव में अपनी उपस्थिति मजबूत करने और संगठन को विस्तार देने के उद्देश्य से पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है।











