
रांची: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के मामलों की जांच कर रही CID ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। जांच एजेंसी ने JPSC प्रतियोगिता परीक्षा और JSSC-CGL परीक्षा से जुड़े मामलों में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में दो JPSC प्रतियोगिता परीक्षा मामले और दो JSSC-CGL परीक्षा मामले से जुड़े हैं। CID के अनुसार, आरोपियों पर परीक्षा में अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने में संलिप्त होने का आरोप है।
JPSC मामले में दो गिरफ्तार
JPSC प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर दर्ज CID थाना कांड संख्या 16/2026 में पुलिस ने जमशेदपुर निवासी ऋतिक रोशन (29) और रांची निवासी पंकज प्रशून (32) को गिरफ्तार किया है।
CID के मुताबिक, दोनों आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कोचिंग संचालक संजीत कुमार के माध्यम से परीक्षाओं में अनुचित लाभ पहुंचाया गया था। मामले की जांच के क्रम में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोनों की गिरफ्तारी की गई।
JSSC-CGL मामले में भी दो आरोपी गिरफ्तार
इधर, JSSC-CGL प्रतियोगिता परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर दर्ज CID थाना कांड संख्या 01/2025 में भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश प्रसाद यादव, निवासी गोलवाढ़ाब, कोडरमा और संदीप कुमार, निवासी पूर्णा नगर, कोडरमा के रूप में हुई है।
CID के अनुसार, दोनों आरोपियों ने JSSC-CGL परीक्षा में कई अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाया था। जांच के दौरान उनकी भूमिका सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।






