नई दिल्ली: दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी किया है। खुफिया इनपुट के मुताबिक ऐतिहासिक लाल किला और देश के बड़े धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की साजिश रची जा रही है। एजेंसियों का कहना है कि आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा राजधानी में आईईडी हमले की योजना बना रहा है। विशेष तौर पर लाल किले के सामने और चांदनी चौक इलाके में स्थित एक प्रमुख मंदिर को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है।
जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद बदले की मंशा से यह साजिश रची जा रही है। खासकर दिल्ली के चांदनी चौक के एक प्रमुख मंदिर पर खतरा हो सकता है। इसी आशंका के चलते दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है, जबकि लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।













