लातेहार: जिले के नेतरहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत दौना गांव से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के चलते एक वृद्ध व्यक्ति के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उसे डायन बताकर जबरन मैला पिला दिया।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पूर्व गांव में हुई एक सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद गांव में अफवाह फैल गई कि उक्त दुर्घटना के पीछे तथाकथित ‘डायन-बिसाही’ का हाथ है। कुछ ग्रामीणों ने इस आरोप को गांव के एक बैगा (वृद्ध) से जोड़ दिया और उसे जिम्मेदार ठहराने लगे।
इसी मुद्दे को लेकर गांव में एक बैठक बुलाई गई, जहां बिना किसी ठोस साक्ष्य के वृद्ध को दोषी मान लिया गया। बैठक में कथित रूप से उसे सजा देने का फैसला किया गया और फिर जबरदस्ती उसके साथ यह शर्मनाक हरकत की गई।
बताया जा रहा है कि जब इस घटना का विरोध करने गांव की सहिया पहुंची, तो उसके साथ भी मारपीट की गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने वृद्ध की पत्नी को भी अपमानित करने की कोशिश की और उसे भी मैला पिलाने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद उनके बेटे ने हस्तक्षेप कर अपनी मां को इस कृत्य से बचा लिया।
इस पूरे मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लिया है। इस संबंध में एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है और नेतरहाट थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर समाज में व्याप्त अंधविश्वास और कुरीतियों पर सवाल खड़े करती है, जिस पर रोक लगाना बेहद जरूरी है।














