लातेहार: लातेहार पुलिस को नक्सलियों के विरुद्ध कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी। गुप्त सूचना के आधार पर बालूमाथ–बरियातू क्षेत्र के बनवार जंगल में छापेमारी कर प्रतिबंधित संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के कुख्यात नक्सली कमांडर आदेश गंझू समेत तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, ये सभी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
पुलिस अधीक्षक, लातेहार को मिली गुप्त सूचना के बाद तत्काल एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने बनवार पकरवा जंगल इलाके में घेराबंदी कर तीन नकसलियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार, जिंदा कारतूस, संगठन से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किए गए।
गिरफ्तार नकसली
आदेश गंझू (उम्र लगभग 22 वर्ष)
पिता – जगन गंझू
निवासी – होन्हे, थाना टंडवा, जिला चतरा
उज्जवल कुमार (उम्र लगभग 22 वर्ष)
पिता – हुलास राणा
निवासी – मिसरौल, थाना टंडवा, जिला चतरा
सुमन कुमार (उम्र लगभग 21 वर्ष)
पिता – नागेश्वर साव
निवासी – मिसरौल, थाना टंडवा, जिला चतरा
पुलिस के अनुसार, आदेश गंझू पर झारखंड सरकार द्वारा 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। वह लंबे समय से क्षेत्र में लेवी वसूली, फायरिंग और आगजनी जैसी घटनाओं में सक्रिय रहा है।
छापेमारी के दौरान निम्नलिखित सामान जब्त किए गए
एक देशी पिस्टल
एक देशी कट्टा
7.65 एमएम के 10 जिंदा कारतूस
.315 बोर के 25 जिंदा कारतूस
दो मोबाइल फोन
उग्रवादी संगठन से जुड़े पर्चे, दस्तावेज एवं डायरी
दो मोटरसाइकिल (Pulsar NS एवं Pulsar RS)
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आदेश गंझू के खिलाफ चतरा, लातेहार और आसपास के थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। हाल के वर्षों में टंडवा, बालूमाथ, बरियातू, केरेडारी और अन्य इलाकों में हुई वारदातों में उसकी संलिप्तता सामने आई है।
अन्य दो गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ भी पूर्व में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। समय रहते कार्रवाई कर एक संभावित घटना को टाल दिया गया। बरामद दस्तावेजों और मोबाइल फोन की जांच की जा रही है, जिससे और भी खुलासे होने की संभावना है।














