नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और महासचिव केंद्रीय पैनल की चारों सीटों पर लेफ्ट समर्थित छात्र संगठनों ने जीत हासिल की है। पिछले साल एक सीट हासिल करने वाली अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) चारों सीटों पर चुनाव हार गई है।
जेएनयू छात्र संघ चुनावों में अध्यक्ष पद पर अदिति मिश्रा, उपाध्यक्ष पद पर कीझाकूट गोपिका बाबू, महासचिव पद पर सुनील यादव और सचिव पद पर दानिश को जीत मिली है. कांग्रेस समर्थित छात्र संगठन NSUI ने भी चुनाव लड़ा था, लेकिन वह बुरी तरह पिछड़ गई और चारों में से किसी भी सीट पर मुख्य मुकाबले में नहीं रही.
जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी छात्र संघ (JNUSU) चुनाव के लिए मंगलवार को वोटिंग के बाद वोटों के नतीजे गुरुवार देर शाम आए. बुधवार रात तक के रुझानों में चारों पदों पर लेफ्ट की बढ़त थी, जबकि गुरुवार की सुबह से ही रुझानों के बाद बदलाव देखने को मिला. लेकिन आखिर में लेफ्ट यूनिटी के उम्मीदवारों ने फिर से बढ़त बना ली और ये बढ़त अंतिम परिणामों तक कायम रही. बता दें कि JNU छात्रसंघ चुनाव में EVM मशीन से वोटिंग नहीं होती है, बल्कि बैलेट पेपर से होती है इसलिए वोटों की गिनती में समय लगा.










