
Lionel Messi retirement announcement: फुटबॉल की दुनिया के महानतम खिलाड़ियों में शुमार लियोनेल मेसी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कह दिया है। 39 वर्षीय अर्जेंटीनी स्टार ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट के जरिए अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम से संन्यास लेने की घोषणा की। इसके साथ ही करीब 21 साल लंबे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया।
मेसी ने अर्जेंटीना के लिए रिकॉर्ड 207 मैच खेले और 125 गोल किए।
मेसी का यह फैसला 2026 फीफा विश्व कप के फाइनल में अर्जेंटीना की स्पेन के हाथों हार के कुछ समय बाद आया है। 19 जुलाई को खेले गए फाइनल में स्पेन ने अतिरिक्त समय में 1-0 से जीत दर्ज कर विश्व कप अपने नाम किया था। फेरान टोरेस ने 106वें मिनट में निर्णायक गोल किया था। इस मुकाबले के साथ ही मेसी का अर्जेंटीना के लिए आखिरी मैच भी समाप्त हुआ।
मेसी ने इंस्टाग्राम पोस्ट में अपने फैसले को बेहद कठिन बताया। उन्होंने कहा कि ‘फाइनल के बाद काफी समय बीत चुका है और इस फैसले पर लंबे समय तक सोच-विचार करने के बाद मैंने तय किया है कि अब नेशनल टीम से संन्यास लेने का समय आ गया है। यह फैसला मेरे लिए बिल्कुल आसान नहीं था। इससे मुझे बहुत दुख हुआ और आज भी यह बात अंदर तक तकलीफ देती है, लेकिन मुझे लगता है कि यही सही वक्त है। मैंने हमेशा अर्जेंटीना की जर्सी के लिए अपना सबकुछ दिया है। सिर्फ उन पिछले कुछ वर्षों में नहीं, जब हमने बड़ी-बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं, बल्कि उससे पहले भी मैंने पूरी मेहनत और जुनून के साथ टीम के लिए संघर्ष किया। मेरा हमेशा यही प्रयास रहा कि अपने खेल के जरिए आप सभी को खुशी दे सकूं और अर्जेंटीना का होने पर आपको गर्व महसूस करा सकूं। अब करियर के इस पड़ाव पर ज्यादा समय बाकी नहीं है और जिंदगी के कई अध्याय धीरे-धीरे समाप्त होने की ओर बढ़ रहे हैं। नेशनल टीम का हिस्सा बनना मेरे लिए हमेशा खास रहा है और आगे भी रहेगा। मैंने मैदान पर अपना सबकुछ दे दिया है और अब मुझे लगता है कि मेरे पास देने के लिए कुछ बाकी नहीं है। इसके साथ ही टीम में कई बेहतरीन युवा खिलाड़ी आ रहे हैं, जो इस जर्सी को पहनने और अर्जेंटीना का प्रतिनिधित्व करने के हकदार हैं। पिछले 20 वर्षों में आप सभी से जो प्यार और समर्थन मिला, उसके लिए मैं दिल से धन्यवाद कहना चाहता हूं। मैदान के अंदर से आपकी आवाज सुनना मुझे हमेशा याद आएगा। अब मैं टीम का हिस्सा मैदान के अंदर से नहीं, बल्कि आप सभी की तरह बाहर से बनकर रहूंगा और हमेशा अर्जेंटीना का समर्थन करूंगा’ अच्छे वक्त में भी और मुश्किल समय में तो और भी ज्यादा।’
मेसी ने अपने परिवार का भी शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि ‘इस पूरे सफर में हमेशा उनके साथ खड़े रहने और हर परिस्थिति में उनका साथ देने के लिए वह परिवार के आभारी हैं। उन्होंने अपने सभी कोच और टीम के साथियों को भी धन्यवाद दिया, जिनके साथ उन्हें यह यादगार सफर तय करने का मौका मिला। वह अपने साथ ऐसी यादें और पल लेकर जा रहे हैं, जिन्हें वह कभी नहीं भूल पाएंगे। उन्हें गर्व है कि अपने साथियों के साथ मिलकर उन्होंने अर्जेंटीना के प्रशंसकों को वे खुशियां और उपलब्धियां दीं, जिनका कभी सपना देखा जाता था। उन्होंने कहा कि इन सभी पलों को प्रशंसकों के साथ साझा करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा।’
उन्होंने अपनी विदाई के संदेश में अर्जेंटीना की टीम के साथ बिताए दो दशकों के लिए प्रशंसकों का आभार जताया और कहा कि अब वह टीम को बाहर से एक प्रशंसक की तरह समर्थन देंगे।

मेसी ने वर्ष 2005 में अर्जेंटीना की सीनियर राष्ट्रीय टीम के लिए पदार्पण किया था। शुरुआती वर्षों में उन्हें कई बड़ी निराशाओं का सामना करना पड़ा। 2014 विश्व कप के फाइनल में अर्जेंटीना को जर्मनी के खिलाफ हार मिली थी। इसके बाद कोपा अमेरिका के फाइनल में भी टीम को लगातार निराशा झेलनी पड़ी। हालांकि, मेसी और अर्जेंटीना की कहानी का सबसे शानदार अध्याय इसके बाद शुरू हुआ। 2021 में उन्होंने अर्जेंटीना को कोपा अमेरिका का खिताब दिलाया। इसके बाद 2022 में कतर में आयोजित फीफा विश्व कप में मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने खिताब जीता। 2024 में अर्जेंटीना ने एक और कोपा अमेरिका ट्रॉफी अपने नाम की। इस तरह मेसी ने राष्ट्रीय टीम के साथ दो कोपा अमेरिका और एक विश्व कप समेत कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं।
मेसी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में अर्जेंटीना के लिए छह फीफा विश्व कप खेले। 2022 का विश्व कप उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि साबित हुआ, जब उन्होंने अर्जेंटीना को विश्व चैंपियन बनाया। 2026 में भी मेसी ने अर्जेंटीना को फाइनल तक पहुंचाया। हालांकि, खिताबी मुकाबले में स्पेन के खिलाफ 1-0 की हार के साथ अर्जेंटीना उपविजेता रहा। यह मुकाबला मेसी के अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मैच साबित हुआ।
अर्जेंटीना के लिए 207 मुकाबले खेलकर मेसी देश के सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बने। उनके नाम 125 अंतरराष्ट्रीय गोल भी हैं और वह पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बाद दूसरे स्थान पर हैं।
मेसी ने राष्ट्रीय टीम के साथ लंबे समय तक आलोचनाओं और दबाव का सामना किया, लेकिन अंततः उन्होंने अपने सबसे बड़े सपने को पूरा किया। विश्व कप, कोपा अमेरिका और व्यक्तिगत रिकॉर्डों ने उनके अंतरराष्ट्रीय करियर को ऐतिहासिक बना दिया।
यह पहली बार नहीं है जब मेसी ने अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम से संन्यास की घोषणा की हो। 2016 में कोपा अमेरिका के फाइनल में चिली के खिलाफ हार के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने का ऐलान किया था। उस मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट के दौरान मेसी अपनी पेनल्टी किक चूक गए थे। हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने अपना फैसला बदल लिया और अर्जेंटीना की टीम में वापसी की। इसके बाद उनका अंतरराष्ट्रीय करियर अपने सबसे शानदार दौर में पहुंचा। 2018 विश्व कप में टीम का हिस्सा बनने के बाद मेसी ने अगले वर्षों में अर्जेंटीना को लगातार बड़ी सफलताएं दिलाईं।
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास के बावजूद मेसी का क्लब करियर अभी खत्म नहीं हुआ है। वह अमेरिका की मेजर लीग सॉकर (MLS) की टीम इंटर मियामी के लिए खेल रहे हैं और उनका अनुबंध 2028 तक है।
हाल ही में उन्होंने इंटर मियामी के लिए एक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार चार गोल दागे। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत इंटर मियामी ने CF मॉन्ट्रियल को 7-1 से हराया।
अर्जेंटीना की जर्सी अब मेसी के कंधों पर नहीं होगी, लेकिन क्लब फुटबॉल में उनका जादू अभी जारी रहने वाला है।






