July 26, 2026

बहरागोड़ा:विद्यालय के सामने शराब दुकान, छात्रों की सुरक्षा पर मंडराया संकट,प्रबंधन समिति ने उपायुक्त से तत्काल स्थानांतरण की मांग की

IMG-20260725-WA0030

जमशेदपुर:बहरागोड़ा प्रखंड के उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, मानुषमुड़िया के ठीक सामने लगभग 10 मीटर की दूरी पर संचालित शराब दुकान को लेकर विद्यालय प्रबंधन समिति, अभिभावकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों में गहरी चिंता व्याप्त है। इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन समिति ने उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को विस्तृत आवेदन सौंपते हुए शराब दुकान को तत्काल विद्यालय परिसर से दूर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।

विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा उपायुक्त को सौंपे गए आवेदन में कहा गया है कि विद्यालय में 750 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। ऐसे में विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप शराब दुकान का संचालन न केवल विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर रहा है, बल्कि विद्यालय के शैक्षणिक एवं नैतिक वातावरण को भी प्रभावित कर रहा है।

समितियों ने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में शराब पीने वाले लोग विद्यालय परिसर के आसपास एकत्रित होते हैं। कई बार विद्यालय परिसर के भीतर भी शराब का सेवन किया जाता है तथा खाली शराब की बोतलें और अन्य कचरा परिसर में फेंक दिया जाता है। इससे विद्यालय का वातावरण दूषित हो रहा है और छात्र-छात्राओं को असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।

अभिभावकों के अनुसार नशे में धुत लोगों की गतिविधियों के कारण विद्यालय की दीवारों, भवन तथा अन्य परिसंपत्तियों को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इतना ही नहीं, विद्यालय का खेल मैदान भी क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे विद्यार्थियों की खेलकूद एवं शारीरिक विकास से जुड़ी गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

विद्यालय प्रबंधन समिति का कहना है कि विद्यालय के सामने नशे में लोगों की आवाजाही और अशोभनीय व्यवहार का बच्चों के मानसिक एवं नैतिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इससे विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। कई अभिभावकों ने इस स्थिति पर गंभीर आपत्ति जताते हुए प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है।

समिति ने यह भी कहा है कि विद्यालय एक पवित्र शैक्षणिक संस्थान है, जहां बच्चों के भविष्य का निर्माण होता है। ऐसे स्थान के बिल्कुल समीप शराब दुकान का संचालन सरकारी नीतियों की भावना, सामाजिक मर्यादा तथा बच्चों के सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने के अधिकार के विपरीत है।

विद्यालय प्रबंधन समिति ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि विद्यार्थियों के हित, विद्यालय की गरिमा तथा कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उक्त शराब दुकान को तत्काल प्रभाव से विद्यालय परिसर से पर्याप्त दूरी पर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया जाए, ताकि विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण पुनः सामान्य हो सके और छात्र-छात्राएं भयमुक्त वातावरण में अध्ययन कर सकें।

आवेदन की प्रतिलिपि जमशेदपुर के सांसद श्री बिद्युत बरण महतो तथा बहरागोड़ा के विधायक श्री समीर कुमार महांती को भी आवश्यक कार्रवाई एवं हस्तक्षेप के लिए प्रेषित की गई है। विद्यालय प्रबंधन समिति ने प्रशासन से इस संवेदनशील मामले में शीघ्र निर्णय लेकर सैकड़ों विद्यार्थियों के भविष्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

ख़बर को शेयर करें।

You may have missed