---Advertisement---

बंगाल के कोयला खदान में बड़ा हादसा, एयर ब्लास्ट में 40 से अधिक मजदूर घायल

On: May 14, 2026 2:18 PM
---Advertisement---

रानीगंज की भूमिगत खदान में मचा हड़कंप, एक मजदूर की मौत की भी आशंका

बंगाल/रानीगंज। पश्चिम बंगाल के रानीगंज स्थित ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) की कोयला खदान में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। कुनुस्तोरिया एरिया अंतर्गत परशिया कोलियरी की भूमिगत खदान में हुए अचानक एयर ब्लास्ट में 40 से अधिक मजदूर घायल हो गए। वहीं एक मजदूर की मौत की भी खबर सामने आ रही है, हालांकि खदान प्रबंधन की ओर से अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

जानकारी के अनुसार प्रथम पाली के दौरान सुबह करीब 10 बजे खनिक खदान के 27 नंबर सेक्शन में कोयला काटने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक खदान की एक परत से जोरदार एयर ब्लास्ट हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि खदान के भीतर काम कर रहे मजदूर चारों ओर जा गिरे और वहां अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि हादसे में कई ठेका मजदूरों के साथ कोलियरी के अतिरिक्त प्रबंधक दिलीप कुमार भी घायल हुए हैं। एयर ब्लास्ट के बाद खदान के भीतर तेज दबाव वाली हवा से मजदूर गंभीर रूप से प्रभावित हुए। घटना की सूचना मिलते ही खदान के अधिकारी और बचाव दल मौके पर पहुंच गए तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

घायलों को तत्काल बाहर निकालकर रानीगंज के बाँसड़ा एरिया अस्पताल, ईसीएल के अन्य अस्पतालों तथा दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इधर, घटना के बाद मजदूर संगठनों में भारी आक्रोश है। श्रमिक संगठनों ने खदान प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के अभाव में यह हादसा हुआ है। संगठनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

फिलहाल प्रशासन और खदान प्रबंधन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। हादसे के बाद इलाके में चिंता और तनाव का माहौल बना हुआ है।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now