
पलामू: जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पांडु थाना क्षेत्र के रतनाग गांव में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो देशी कट्टा, 3.15 बोर के पांच जिंदा कारतूस, दो खोखा, दो काला गमछा और 8 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। हालांकि कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी को गुप्त सूचना मिली थी कि रतनाग गांव निवासी अमित कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह के घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे गए हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल उसके घर पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी वहां से भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका।
इसके बाद आरोपी के पिता बालमुकुंद सिंह की उपस्थिति में ई-साक्ष्य के तहत पूरी तलाशी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। तलाशी के दौरान घर में रखे दिवान पलंग के बॉक्स से एक सफेद प्लास्टिक बैग बरामद हुआ, जिसमें दो लोडेड देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, दो खोखा, दो काला गमछा और 8 हजार रुपये नकद मिले। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।




