
गिरिडीह: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) धनबाद की टीम ने गिरिडीह के मधुबन थाना में पांच हजार रुपये रिश्वत लेते थाना प्रभारी के सहयोगी लेखापाल (मुंशी) विक्रम कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मधुबन थाना प्रभारी दिपेश कुमार को भी आरोपी बनाया गया है। ACB के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी मौके से निकल गए।
मामला स्कॉर्पियो दुर्घटना के बाद बीमा क्लेम के लिए सनहा देने से जुड़ा है। शिकायतकर्ता की स्कॉर्पियो 19 जुलाई 2026 को मधुबन थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई थी। वाहन का बीमा Tata AIG से था और बीमा क्लेम के लिए थाना से लिखित सनहा की जरूरत थी। आरोप है कि सनहा देने के बदले थाना प्रभारी दिपेश कुमार ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने आरोपों का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद ट्रैप टीम गठित की गई। ACB के अनुसार, थाना प्रभारी के निर्देश पर विक्रम कुमार चौधरी ने थाना प्रभारी के कक्ष में शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये लिए। इसी दौरान पहले से तैयार ACB की ट्रैप टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई गिरिडीह के कार्यपालक दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई। ACB ने मुंशी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि थाना प्रभारी दिपेश कुमार को भी मामले में अभियुक्त बनाया गया है। उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







