---Advertisement---

पलामू: वर्दी में रील बनाना पड़ा भारी, हुसैनाबाद थाना प्रभारी लाइन हाजिर

On: January 28, 2026 4:39 PM
---Advertisement---

पलामू: जिले के हुसैनाबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोनू चौधरी को गणतंत्र दिवस पर थाना परिसर में वर्दी पहनकर पत्नी के साथ रील बनाना भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया है।


वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर सोनू चौधरी वर्दी में नजर आ रहे हैं और अपनी पत्नी के साथ डांस करते हुए रील बना रहे हैं। वीडियो में वह अपनी पत्नी को टोपी पहनाते हुए भी दिख रहे हैं। यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगा, पुलिस विभाग की छवि और वर्दी की गरिमा को लेकर सवाल उठने लगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हुसैनाबाद के एसडीपीओ एस. मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में पूरे प्रकरण की जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि थाना परिसर में वर्दी पहनकर इस तरह की गतिविधि अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती है और इससे पुलिस की मर्यादा भंग हुई है।


जांच रिपोर्ट के आधार पर पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने बुधवार को इंस्पेक्टर सोनू चौधरी को लाइन हाजिर करने का आदेश जारी कर दिया। आदेश जारी होते ही पुलिस महकमे में यह संदेश गया कि वर्दी की गरिमा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


सोनू चौधरी वर्ष 2012 बैच के सब-इंस्पेक्टर हैं और वर्ष 2024 में उन्हें प्रमोशन देकर इंस्पेक्टर बनाया गया था। हाल ही में उनकी तैनाती हुसैनाबाद थाना प्रभारी के रूप में की गई थी।


इधर, सोनू चौधरी के लाइन हाजिर होने के बाद पाटन के अंचल निरीक्षक इंस्पेक्टर चंदन कुमार को हुसैनाबाद का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। इंस्पेक्टर चंदन कुमार इससे पहले हरिहरगंज थाना प्रभारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कुछ महीने पहले ही उनकी तैनाती पाटन सर्किल इंस्पेक्टर के पद पर हुई थी।


इस पूरे मामले के बाद पुलिस विभाग में यह चर्चा तेज है कि सोशल मीडिया के दौर में भी अधिकारियों को अपने पद, जिम्मेदारी और वर्दी की मर्यादा का विशेष ध्यान रखना होगा।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now