---Advertisement---

श्री बंशीधर नगर थाना गली में खपरैल घर में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

On: April 30, 2026 5:46 PM
---Advertisement---

शुभम जायसवाल

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 स्थित थाना के सामने गली में बुधवार की शाम एक खपरैल मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।

जानकारी के अनुसार थाना गली निवासी दीपक कुमार के मकान से अचानक धुआं निकलता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और आसमान में काले धुएं का गुबार उठने लगा। लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए अपने-अपने घरों से मोटर पंप और बाल्टियों के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। बाद में दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और दोनों तरफ से छत पर चढ़कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। आग की भयावहता को देखते हुए गढ़वा से दूसरी दमकल गाड़ी भी मंगानी पड़ी।

करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हवा चलने के कारण आग बुझाने में काफी कठिनाई हुई। बताया जा रहा है कि मकान काफी पुराना था और उसमें लकड़ी की संरचना अधिक होने के कारण आग तेजी से फैल गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को आसपास के घरों में फैलने से रोका जा सका, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

घटना के समय घर में दीपक कुमार की मां और एक अन्य महिला मौजूद थीं, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दीपक कुमार का पूरा परिवार फिलहाल रांची में रहता है।

घटना की सूचना मिलते ही नपं अध्यक्ष साधना देवी ने घटनास्थल कर पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी ली उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई और राहत कार्य शुरू कराया गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ी दुर्घटना टल गई।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि गर्मी के दिनों में आग से बचाव को लेकर सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।

मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी, नगर प्रबंधक वीरेश कुमार, कामेश्वर प्रसाद, आशीष कुमार, शंभूनाथ सौदागर,राजन जायसवाल, जयप्रकाश रमन,शिवम कुमार,रितेश कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now