झारखंड

गढ़वा: स्कूल पहुंचकर एसडीएम बन गए मास्टर साहब, 10वीं के छात्रों को समझाया कठिन शैक्षिक टॉपिक

गढ़वा: सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने आज टंडवा स्थित पीएम श्री सेंट्रल स्कूल का दौरा किया। विद्यालय पहुँचकर उन्होंने कक्षा 10 के छात्रों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई-लिखाई की स्थिति का जायजा लिया।

एसडीएम ने बच्चों से पूछा कि उन्हें किन विषयों या टॉपिक को समझने में सबसे अधिक कठिनाई हो रही है। छात्रों ने बताया कि भौतिकी में विद्युत धारा का चुंबकीय प्रभाव और रसायन शास्त्र में हाइड्रोकार्बन के आईयूपीएसी नामकरण उन्हें जटिल लगते हैं।

इसके बाद संजय कुमार ने कक्षा में शिक्षक की भूमिका निभाई और लगभग एक घंटे तक इन दोनों विषयों को सरल भाषा और तर्कपूर्ण उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने मैग्नेटिक इफेक्ट ऑफ करंट को बोर्ड पर चित्र बनाकर स्पष्ट किया और छात्रों को प्रयोगशील बनने के लिए प्रेरित किया। रसायन शास्त्र में आईयूपीएसी नामकरण को भी आसान तरीके से समझाया।

एसडीएम ने कहा कि विज्ञान कोई कठिन विषय नहीं है, बल्कि यह जीवन को तर्कपूर्ण ढंग से समझने का सुंदर तरीका है। उन्होंने छात्रों को बताया कि कठिन विषयों को जिज्ञासा और नियमित अभ्यास से रोचक और आसान बनाया जा सकता है।

छात्रों ने एसडीएम को शिक्षक के रूप में पाकर उत्साहित महसूस किया। शिक्षकों ने भी अनुरोध किया कि भविष्य में समय-समय पर विद्यालय आकर छात्रों को प्रेरित करते रहें।

कार्यक्रम के अंत में संजय कुमार ने बच्चों को मेहनती छात्र, अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि अच्छे अंक ज़रूरी हैं, लेकिन अच्छा आचरण और जीवन में अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

ख़बर को शेयर करें।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।