
मेराल: बंकारोड, मेराल स्थित एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टन में 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ध्वजारोहण सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत एवं शिक्षाप्रद नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम के दौरान आरुषि ने शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर भारतीय संस्कृति की महत्ता से सभी को अवगत कराया। वहीं, चाणक्य देव ने ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर स्वतंत्रता सेनानियों की वीरता और बलिदान को याद किया। विद्यार्थियों ने ‘शहीदों की कुर्बानी’, ‘ताकत वतन की तुमसे है’, देशभक्ति शायरी, ‘सारे जहां से प्यारी मेरी भारत की मिट्टी’ और ‘भारत है पहचान मेरी, तिरंगा शान मेरी’ जैसी प्रस्तुतियों से देशप्रेम की भावना को जीवंत कर दिया।

इसके अलावा विद्यार्थियों ने ‘सुखी आदमी की कमीज’ और ‘परीक्षा लीक बंद करो’ जैसे विचारणीय नाटकों का मंचन कर सामाजिक एवं शैक्षणिक मुद्दों पर महत्वपूर्ण संदेश दिया। बच्चों की अभिनय कला और प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र देव ने संबोधित करते हुए समस्त देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ शामिल होते हैं, जिससे राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता मजबूत होती है और देश को सशक्त बनाने की भावना को बल मिलता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के अभिभावक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विमलेश साह, धीरेन्द्र सिंह, संजीव कुमार, राजू रंजन चंद्रवंशी, नंदकिशोर यादव, सुजीत कुमार, युगल किशोर, प्रकाश यादव, पूनम देवी, सोनी देवी, रेखा देवी, विनीता देवी, सुनीता देवी, प्रतिभा कुमारी, पूजा कुमारी, खुशबू कुमारी, नेहा कुमारी, अनुपमा देव, रामाशीष राम, राहुल कुमार, संजय कुमार गुप्ता, आकाश कुमार, संजय ठाकुर, सूर्यप्रकाश कुमार, पंकज कुमार, दुर्गेश राम सहित अन्य लोग मौजूद थे।






